दिवाली के रंग, विविध स्वाद के संग
दीयों की जगमगाहट, अपनों का साथ और मिठाइयों की मिठास—दिवाली का त्योहार हर पल को खास बना देता है। इस उत्सव को और भी यादगार बनाने के लिए तैयार करें कसाटा डेज़र्ट। आम, स्ट्रॉबेरी और कीवी के स्वाद से सजी इसकी रंग-बिरंगी परतें आपके त्योहार में स्वाद और खुशियों की मिठास घोल देंगी।
आवश्यक सामग्री
- ठंडी क्रीम: 2 कप
- आइसिंग शुगर: 2 टेबलस्पून
- हंग कर्ड (पानी निकाला हुआ गाढ़ा दही): 1 कप
- मैंगो क्रश: 2 टेबलस्पून
- स्ट्रॉबेरी क्रश: 2 टेबलस्पून
- कीवी क्रश: 2 टेबलस्पून
- स्पंज केक: एक लेयर, गिलास के आकार के अनुसार
- चॉकलेट सॉस: 2 टेबलस्पून
- बादाम और पिस्ते की पतली कतरन: सजाने के लिए
बनाने की विधि
1. क्रीम का मिश्रण तैयार करें
ठंडी क्रीम और आइसिंग शुगर को थोड़ा गाढ़ा होने तक फेंट लें। फिर इसमें हंग कर्ड मिलाएँ और मिश्रण को एकसार कर लें।
2. तीन स्वादों की क्रीम बनाएँ
तैयार मिश्रण को तीन बराबर हिस्सों में बाँट लें। पहले हिस्से में मैंगो क्रश, दूसरे में स्ट्रॉबेरी क्रश और तीसरे में कीवी क्रश मिलाएँ।
3. गिलास में केक की परत लगाएँ
पारदर्शी काँच के गिलास लें। सबसे नीचे स्पंज केक की एक परत बिछाएँ। गिलास की अंदरूनी दीवारों पर थोड़ा-सा चॉकलेट सॉस डालें।
4. रंग-बिरंगी परतें सजाएँ
केक के ऊपर मैंगो वाली क्रीम की परत लगाएँ। इसके बाद कीवी वाली क्रीम और सबसे ऊपर स्ट्रॉबेरी वाली क्रीम की परत बनाएँ।
5. सजाकर परोसें
ऊपर थोड़ा-सा चॉकलेट सॉस डालें और बादाम-पिस्ते की पतली कतरन से सजाएँ। तैयार कसाटा डेज़र्ट लक्ष्मी मैया को भोग लगाकर मेहमानों को परोसें।
रेसिपी सौजन्य: शेफ पूनम राठी, नागपुर














Leave a Reply