Save 20% off! Join our newsletter and get 20% off right away!
shankhnaad 2022

नववर्ष आरम्भ में महिला संगठन करेगा “शंखनाद 2022”

कोटा। अ.भा. माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा नववर्ष में आगामी 7 से 9 जनवरी 2022 तक राष्ट्रीय अधिवेशन ‘‘शंखनाद-2022’’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में संगठन की भावी योजनाओं की रूपरेखा तो बनेगी ही साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में माहेश्वरी प्रतिभा के दर्शन भी होंगे तथा साथ ही विभिन्न सामाजिक विषयों पर जन जागृति भी उत्पन्न होगी।

स्थानीय माहेश्वरी महिला संगठन संयोजन में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में विभिन्न चिंतनीय सामाजिक विषयों पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन प्रतियोगिताओं के रूप में होगा। कार्यक्रम का शुभारम्भ 7 जनवरी को होगा तथा समापन कार्यक्रम के अंतिम दिवस 9 जनवरी को होगा। इनमें विभिन्न प्रादेशिक तथा आंचलिक संगठन भी अपनी प्रस्तुति देंगे। निर्णायक मंडल द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रतिभा प्रदर्शन को प्रोत्साहित किया जाऐगा।


इस तरह होगा ‘‘प्रतिभा प्रदर्शन’’

कार्यक्रम के शुभारम्भ के पश्चात 7 जनवरी को राजस्थान प्रदेश पदाधिकारियों के लिए क्विज कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके पश्चात गाय, गंगा, ग्राम, गीता व गोविंद विषय पर आंचलित नृत्य नाटिका का आयोजन होगा। इसी दिन विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में ब्रह्मकुमार बी.के.शिवानी के व्याख्यान, प्रादेशिक कवयित्री सम्मेलन तथा रात्रि में भजन संध्या का आयोजन होगा।

द्वितीय दिवस 8 जनवरी को प्रात: शोभायात्रा निकलेगी। इसके पश्चात कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ समारोहपूर्वक होगा। इसके पश्चात प्रादेशिक कार्यक्रम ‘‘कौन बनेगा मणिकर्णिका’’ तथा आंचलिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘‘अपनी संस्कृति अपनी धरोहर’’ का आयोजन होगा। अंतिम दिवस 9 जनवरी को आंचलिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ज्वलंत चिंतनीय सामाजिक विषयों पर आधारित लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति होगी। उक्त आयोजन प्रतियोगिता के रूप में होगा। पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।


कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह

कोरोना महामारी की विभीषिका के पश्चात् महिला संगठन का यह प्रथम प्रत्यक्ष वृहद आयोजन होगा। अत: इसे लेकर संगठन कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। देश भर से समस्त प्रादेशिक था आंचलिक संगठन से बढ़ी संख्या में पदाधिकारी तथा सदस्याऐं इस आयोजन में शामिल होंगी।

इसमें आशा माहेश्वरी राष्ट्रीय अध्यक्ष, मंजु बांगड़ राष्ट्रीय महामंत्री, ज्योति राठी राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, शैला कलंत्री राष्ट्रीय संगठन मंत्री, अधिवेशन के उदघाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओमकृष्ण बिरला, राजश्री बिरला, श्याम सोनी, राजकुमार काल्या, शांतिकुमार धारीवाल, रामपाल सोनी, अशोक सोमानी, श्रीकांत सोमानी, रामनिवास मानधनी, राजेश कृष्ण बिरला आदि का विशेष सान्निध्य प्राप्त होगा।