जयपुर। डॉ ललित व डॉ दिनेश भराडिया के सुपुत्र यश भराडिया ने हाल ही में पुडुचेरी में आयोजित अंडर 13 वर्ष राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में तृतीय स्थान के साथ कांस्य पदक प्राप्त करके राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया। यश को कांस्य पदक के साथ 48000 रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई।
प्रथम आए तीन खिलाड़ी अब अगले साल एशियन तथा वर्ल्ड अंडर 14 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वर्ल्ड अंडर 14 चैंपियनशिप 12 से 25 नवंबर 2023 तक इटली में होने वाली है। इसके पहले भी यश भराडिया दो बार 2019 व 2021 में राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
वर्ष 2019 में यश ने अंडर 10 वर्ष कॉमनवेल्थ शतरंज चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी प्राप्त किया है। यश 5 वर्ष की उम्र से शतरंज खेल रहे हैं तथा इस वर्ष मार्च में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर ओपन शतरंज प्रतियोगिता में राजस्थान के चैंपियन भी रह चुके हैं। इस वर्ष कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर यश ने ग्रैंड मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर व इंटरनेशनल मास्टर को भी मात दी है।




