Jeevan Prabandhan

ईश्वर के नियम को समझने के लिए आध्यात्मिक समझ ज़रूरी है

पं विजयशंकर मेहता
(जीवन प्रबंधन गुरु)

संसार में रहते हुए हम लोग राष्ट्र, समाज तथा परिवार की व्यवस्था बनाते हैं और फिर स्वयं इस सिस्टम को तोड़ते भी हैं। इसी जोड़-तोड़ में जिंदगी बीत जाती है।

जब अपने ही बनाए संसार से परेशान हो जाते हैं तो भक्ति के मार्ग में उतर जाते हैं और भक्ति के इस संसार में हम अपनी इच्छा के अनुसार भगवान से माँग शुरू कर देते हैं। ईश्वर के नियम को समझने के लिए आध्यात्मिक समझ ज़रूरी है

इस प्रकार हम ईश्वर की व्यवस्था में अपनी व्यवस्था का अतिक्रमण करतें हैं। परमात्मा के साफ़-सुथरे, हरे-भरे कृपा के क्षेत्र में हम अपनी निजी हित की मांगों की झुग्गी-झोपड़ी, ठेले, गुमठी, भवन अट्टालिकाओं के अतिक्रमण को बीच में लें आते हैं।

भगवान के विधान को लेकर हम कुछ भ्रम पाल लेते हैं। भगवान जितना नियंता है, उतना ही नियमबद्ध भी है। पृथ्वी का एक नियम है की इसमें गुरुत्वाकर्षण की शक्ति होती है। जब कोई वास्तु ऊपर से निचे गिरती है, तब पृथ्वी उसे खींचती है और इसी कारण से वह वस्तु पृथ्वी पर गिर जाती है।

यह एक सामान्य सा नियम है, लेकिन हम अगर चल रहें हो तथा हमारी ही भूल से यदि ठोकर लग जाए और हम गिर जाएँ तो यहाँ हम नहीं कह सकते की यह तो पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण का नियम है, इसलिए गिर गए। हम अपनी ही भूल से गिरें है, पृथ्वी का नियम अपनी जगह है।

इस प्रकार भगवान ने सारी व्यवस्था कर रखी है। उन्होंने अपने कुछ नियम बना रखें हैं परन्तु धर्म तथा संस्कृति की जो आचार संहिता है, उसका पालन हमें करना होगा। परमात्मा के नियम अपनी जगह है, उनको समझने के लिए एक आध्यात्मिक समझ होना ज़रूरी है।

इसी समझ को कहीं-कहीं समाधी भी कहा गया। ऊहापोह और भ्रम के विचारों का वेग जब शांत हो जाए तब समझ या समाधी घटती है।

परमात्मा की व्यवस्था में जब जीने लगो तो समझ है और उसके ही अंग बन जाओ तो समाधी है। निर्विरोध और निर्विकल्प होकर ही ईश्वर के नियम का पालन किया जा सकता है। यह सीख परिवार प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण है।


Subscribe us on YouTube

Via
श्री माहेश्वरी टाइम्स
Back to top button